सितारगंज(उद संवाददाता)। रुद्रपुर के विधायक शिव अरोड़ा के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत करने की मांग को लेकर भीम आर्मी एवं आजाद पार्टी के कार्यकर्ता एसडीएम कार्यालय पर जमकर गरजे। उन्होंने आरोप लगाया कि भीम आर्मी एवं आजाद पार्टी के जिला अध्यक्ष सत्येंद्र कुमार को खुलेआम धमकियां दी जा रही हैं। उन्होंने सत्येंद्र कुमार की पुलिस सुरक्षा की मांग की। कार्यकर्ताओं ने कहा कि रुद्रपुर विधायक शिव अरोड़ा पर धार्मिक निर्माण को लेकर समुदाय पर की गई अशोभनीय टिप्पणी का आजाद पार्टी के जिला अध्यक्ष सत्येंद्र कुमार ने विरोध किया था। कार्यकर्ताओं का आरोप है कि विरोध के बाद सत्येंद्र कुमार के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कर दिया। उन्होंने प्रशासन पर एक पक्षीय कार्रवाई का आरोप लगाया। उन्होंने आरोप लगाया कि जिला अध्यक्ष सत्येंद्र कुमार के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत होने से भीम आर्मी एवं आजाद पार्टी कार्यकर्ता और मुस्लिम समाज में भारी आक्रोश पनप रहा है। उन्होंने अशोभनीय टिप्पणी करने वाले विधायक शिव अरोड़ा के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत करने की मांग की है। विरोध करने वालों में राजा, विशाल सिंह, हरिचंद, विजय, राजन कुमार, आकाश, अभिनव, जितेंद्र आदि मौजूद थे।