बहुचर्चित ट्रांजिट कैम्प मार्ग का शिलान्यास आज
रुद्रपुर(उद संवाददाता)। ट्रांजिट कैम्प क्षेत्र में झील मोड़ से लेकर चामुण्डा मंदिर तक के बहुचर्चित मार्ग के निर्माण कार्य का शिलान्यास विधायक शिव अरोरा द्वारा आज सायं 6 बजे किया जायेगा। यह मार्ग जहां पिछले कई वर्षों से जर्जर होने के कारण लोगों की परेशानियों का कारण बना हुआ है वहीं इस मार्ग को लेकर समय समय पर खूब राजनीति भी की जाती रही है। प्रदेश में मुख्यमंत्री का पदभार ग्रहण करने के बाद पुष्कर सिंह धामी ने इस मार्ग के निर्माण को लेकर पहल तो की। जिसमें सिडकुल रोड़ से चामुण्डा मंदिर तक का सड़क निर्माण कराया गया। परंतु चामुण्डा मंदिर से झील मोड़ तक का मार्ग अधूरा ही छोड़ दिया गया। जिसको लेकर जहां स्थानीय लोगों में काफी आक्रोश देखा गया था तो वहीं विपक्षी दलों के नेताओं ने कार्यकर्ताओं व स्थानीय लोगों को साथ लेकर सरकार के खिलाफ आन्दोलन भी किये। अब प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ट्रांजिट कैम्प की जनता से किये वादे को पूर्ण करते हुये इसके लिये 2 करोड़ रूपये की धनराशि अवमुक्त करा दी है। यहां आपको बता दे कि इस मार्ग के जर्जर हालत में होने कारण लोगों को पिछले कई वर्षों से परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। खासकर वर्षा के दौरान मार्ग के गड़डों में जलभराव हो जाने से यहां पर से होकर गुजरने वाले राहगीरों व वाहन चालकों की परेशानियां और भी बढ़ जाती है। पूर्व में जब विधायक शिव अरोरा के प्रयासों से इस मार्ग के निर्माण की सभी औपचारिकतायें पूर्ण कर कार्य प्रारम्भ करने का समय आया तो पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ट्रांजिट कैम्प के कुछ व्यापारियों के साथ लोक निर्माण कार्यालय जा धमके और प्रदर्शन कर मार्ग निर्माण शुरू करने की मांग को लेकर अपनी राजनीति भी चमकाई गई। जिसके बाद भाजपा के नेताओं ने प्रेस वार्ता कर उन पर जनता को गुमराह कर झूठी वाहवाही लेने का आरोप लगा दिया। उनका कहना था कि जब मार्ग निर्माण कार्य शुरू होने वाला है तो इस प्रदर्शन का क्या औचित्य है। खैर अब स्थानीय लोगों की वर्षों पुरानी समस्या खत्म होने को है और इसके समाधान के लिये आज सायं उपरोक्त मार्ग के निर्माण का शिलान्यास होने जा रहा है। हांलांकि मानसून के काफी नजदीक होने के कारण निर्माण कार्य पूरा होने में कुछ समय लग सकता है। फिर भी लोगों में खुशी है कि उनकी निरंतर मांग और विधायक शिव अरोरा की मेहनत आखिरकार सफल होने जा रही है और इसके साथ ही प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा की गई घोषणा भी धरातल पर उतरती हुई नजर आ रही है।